Tuesday, September 29, 2020

182 टूटी बाउंडरी

प्रोफेसर साहब ने घर की टूटी बाउंडरी बाल को रिपेयर कराने के लिए एक मजदूर और मिस्त्री को लाकर काम कराना प्रारंभ कर दिया। मजदूरों से काम कभी कराया तो था नहीं इसलिए, वह उनको काम समझाकर अपने पढ़ने लिखने में लग जाते और बीच बीच में काम का निरीक्षण करने आ जाते। बीड़ी पीते देख वे उन्हें समझाते कि इससे शरीर को बहुत नुकसान होता है। मजदूर भी उनकी बातों से सहमत होते परन्तु तर्क भी देते कि साहब, क्या करें आदत है, थोड़ा सुस्ता लेते हैं। और, जोर से मुंह से धुआं  बाहर निकालते जिसे देख प्रोफेसर अन्दर चले जाते। दोपहर में मिस्त्री जब खाना खाने अपने घर चला जाता मजदूर वहीं पर बैठ कर साथ में लायी रोटियाॅं, नमक मिर्च के साथ खाने लगता। यह देख प्रोफेसर की दयालु पत्नी उसे अचार और सब्जी दे दिया करती।

काम पूरा होने पर प्रोफेसर ने उनकी मजदूरी के पैसों का भुगतान किया। मिस्त्री तो पैसे लेकर चला गया, मजदूर बैठा रहा। प्रोफेसर की पत्नी ने पूछा, 

‘‘ क्या बात है, पैसे कम हैं क्या? लो, बीस रुपये और ले लो।’’

सुनकर मजदूर जोर से रोने लगा इतना कि प्रोफेसर पति पत्नी दोनों को उसे शान्त करने में बहुत प्रयत्न करना पड़ा। शान्त होते ही वह सिसकते हुए बोला,

‘‘ माताजी! पता नहीं अब कहाॅं काम मिलेगा, किस किस की दुतकार, डाॅंट फटकार और गालियां सुनना पड़ेंगी। पिछले सात माह से यहाॅं वहाॅं मजदूरी करते करते पता नहीं क्यों पहली बार आपके यहाॅं अपने घर जैसा लगा।’’ 

‘‘क्यों? पहले क्या मजदूरी नहीं करते थे?’’ प्रोफेसर की पत्नी ने आश्चर्य से पूछा।

‘‘ नहीं माताजी! गाॅव में हमारी तीस एकड़ उपजाऊ जमीन है, माता पिता भी हैं। बारहवीं फेल हो जाने पर मैं ही घर की खेती सम्हालने लगा। परन्तु पिताजी  की रोज रोज की डाॅंट फटकार से ऊबकर मैं भाग आया और मजदूरी करने लगा। आपके यहाॅं आकर मुझे लगा कि अपना घर ही ठीक होता है। इसीलिए आंखे भर आईं। ’’

‘‘ अरे बेटा! अपने घर वापस लौट जाओ, मां बाप तो संतान के भले के लिए ही डाॅंटते हैं, इसका क्या बुरा मानना?’’ 


No comments:

Post a Comment

221 चिंजा की शादी

5 वीं क्लास में पढ़ रहीं स्वभाव से सीधी सादी सहुद्रा और भोली सी चिंजा में गहरी दोस्ती थी। चिंजा की स्पष्टवादिता से क्लास के सभी लड़के लड़किय...