Monday, September 21, 2020

152 लखूचंद

एक दिन कालेज के कुछ युवकों ने हलवाई लखूचंद के सामने ही उनकी जमकर तारीफ करते हुए कहा,

 ‘‘ अरे ये तो लखूचंद के एक हाथ का कमाल है, दोनों हाथ होते तो पूरे जिले में मिठाई के नाम पर केवल इन्हें ही जाना जाता। लेकिन यार लखूचंद ! ये तो बताओ कि दूसरा हाथ क्या जन्म से ही ऐसा है या बाद में कुछ हो गया?’’

बहुत दिन बाद लखूचंद को अपनी जवानी के दिन याद आए और बोले,  ‘‘‘ युवावस्था में मैं बहुत धनवान होने का सपना देखा करता। पिताजी चाहते थे कि मैं उनकी हलवाई की दूकान सम्हालूं, इसलिए एक दिन वे सारा काम समझाकर, दूसरे काम से उस ओर चले गए। मैं अपनी मस्ती में कड़ाही के गर्म होने की प्रतीक्षा में बगल में पड़ी बेंच पर लेट गया और झपकी आ गई, सपने में लक्ष्मी जी आईं। मुझे लगा कि आज मेरी इच्छा पूरी हो गई। मैंने उनसे पूछा-

‘‘ हे देवि ! मुझे बताओ कि तुम किसे चाहती हो, शूरबीर को? तो मैं वैसा ही बनकर तुम्हें पाने का प्रयत्न करूं।’’ 

‘‘ नहीं, ‘शूरबीर‘ तो सदा ही लड़ाई झगड़े करता रहेगा, कभी भी मारा जायेगा, मैं विधवा हो जाऊंगी, मैं उसे नहीं चाहती’’

‘‘ तो क्या उदार हृदय के ‘दानी’ को चाहती हो?’’

‘‘ नहीं, वह तो मुझे जिस चाहे को दे देगा, आखिर मेरी भी तो मर्यादा है, सम्मान है ?’’

‘‘ तो क्या बहुत ही ‘विद्वान’ को चाहती हो ?’’

‘‘ नहीं, नहीं, वह तो सरस्वती को ही चाहेगा, किसी की सौत कहलाऊं?, नहीं नहीं, मैं उसे नहीं चाहती।’’

‘‘ तो फिर तुम्हीं बताओ तुम किसे चाहती हो ?’’

‘‘ मैं तो ‘कंजूस’ व्यक्ति को चाहती हॅूं वह हमेशा मेरी ही पूजा करेगा, अपने कलेजे से लगा कर रखेगा, हर समय मेरी प्रशंसा करेगा .. .. चूमता रहेगा ..’’

यह कहते कहते उन्होंने धीरे से मेरे गाल पर अपने हाथ से छुआ ही था कि मैंने उन्हें पकड़ने के लिए दोनों हाथ पूरी ताकत से उनकी कमर की ओर फैलाए और बेंच से लुड़ककर उबलती कड़ाही में जा गिरा, उसी में ये हाथ .. .. ।’’’


No comments:

Post a Comment

221 चिंजा की शादी

5 वीं क्लास में पढ़ रहीं स्वभाव से सीधी सादी सहुद्रा और भोली सी चिंजा में गहरी दोस्ती थी। चिंजा की स्पष्टवादिता से क्लास के सभी लड़के लड़किय...